बुधवार, 3 सितंबर 2014

कुछ और सोच बैठी

कुछ और सोच बैठी 

वह लड़की जो बहुत बिंदास दिखती है 
पत्रकार की दुम बनी फिरती है
सच ही कहने की कसम खाए है 
लिख मारती है किसी के भी खिलाफ
तीखे से तीखा 
आजकल भीतर ही भीतर
कंपकंपाती रहती है 
सोते-सोते डरकर जग जाती  है 
नींद और जागने के बीच 
सुनाई देती हैं उसे दहलाने वाली आवाज़ें-
ऐ लड़की, औकात में रह 
सिर्फ शरीर है तू 
इंसान बनने की कोशिश मत कर 
इस गलतफहमी में मत रहना 
कि चार किताबें पढ़ लीं 
चार पैसे कमा लिए 
तो तू कुछ भी सोचने, 
कुछ भी करने को स्वतंत्र हो गई
तू वही सोचेगी जो हम चाहेंगे 
तू वही करेगी जो हम करवाएंगे
स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता के नाम पर 
तेरे वस्त्र तुझी से उतरवाएंगे 
सचमुच स्वतंत्र इंसान बनकर कुछ करने की कोशिश की 
तो बलात्कार होगा 
ठोस शारीरिक ही नहीं 
नयी तकनीक के दौर में 
तेरे शरीर के आभास के साथ 
हज़ारों बार होगा, बार-बार होगा। 
सुनती है वह नींद से जागने के बीच-
अरे आ जा रे साथ लेट जा 
भई वाह... मज़ा आ गया। 
वह देखती है जैसे दीवारों के पार भी  
और लोगों से डरने लगी है 
जैसे वे करते हों/ कर सकते हों उससे बलात्कार भी।



गुरुवार, 20 मार्च 2014

आओ कि

आओ कि थोड़े समय के लिए 
उतार दें अपने-अपने मुखौटे 
संजो लें साहस 
सच को स्वीकारने का 
तुम मुझे बताओ अपने दुःख-दर्द,
झूठ, कपट…
मैं तुम्हें दिखाऊँ
अपनी बदरंग देह और मन के घाव...

तुम्हारे हाथ अपने मुखौटे पर
कस क्यों रहे हैं?
और मैं भी तो
अपने मुखौटे को उतारने की बजाय
और संवार रही हूँ।

तुक्तक 

कितना है सब ऊलजलूल 
खिड़की पर बैठी है धूल 
बबली झाड़ना गयी है भूल 
उसे डांटना भी है फ़िज़ूल 

जीवन का यह कैसा दौर 
सोचो कुछ बोलो कुछ और 
सामने वाला भी है अपना 
कष्ट उसे न हो किसी तौर 


कैसे ?

आँगन में खिले गुलाब ने 
रंग और गंध की  भाषा में कहा -
कितना  सुन्दर है सब कुछ !
मुस्कुराओ और इसे और सुन्दर बनाओ!

कैसे मुस्कुराती?
घर-गृहस्थी से लेकर देह और मन में 
उगे नुकीले कांटे 
चैन से बैठने तक नहीं देते 
इन फूलों का क्या 
इन्हें तो समाज, परिवार, नैतिक-अनैतिक से 
कुछ लेना-देना है नहीं 
ये कांटे तो हमीं को झेलने हैं..... 

गुलाब का एक और फूल खिला 
गंध और रंग का उत्सव सघनतर हुआ 
मंद बयार में झूमती डाली पर 
फूल भी था, पत्ते भी और कांटे भी।

सोमवार, 15 अक्टूबर 2012

मेरा दिल नहीं लगता 


अंदाज़न हर आधे घंटे बाद वे कहती हैं -
मेरा दिल नहीं लगता।
मैं अपराधी-सी उठकर
उनके पास जा बैठती हूँ।
थोड़ी देर उनके साथ हँसने-बोलने के बाद
हल्के मन से
अपनी लिखने की मेज़ पर लौट आती हूँ।
वहाँ पन्नों पर टंके प्रतीक्षारत पात्र
मेरी ओर उन्मुख होने को ही होते हैं
कि उनका वही स्वर गूँजता है-
मेरा दिल नहीं लगता ... रब्बा मैं की कराँ?
मैं पात्रों को वहीं छोड़
अनूप जलोटा के गाए भजन चला देती हूँ।
दस मिनट बाद वे खीझकर कहती हैं-
बंद करो इस शोर को।

कभी फल से, कभी दवाई से,
कभी रोटी से, कभी चावल से,
कभी गीता से, कभी रामायण से,
कभी सीरियल से, कभी फिल्म से-
उन्हें बहलाती हूँ
पर कहाँ भूलती हैं वे यह कहना-
मेरा दिल नहीं लगता।

क्या करूँ मैं
इस अस्सी वर्षीया रोगग्रस्त काया को
तीस वर्षीया युवा गृहणी में कैसे बदल दूँ
जिसका पति सवेरे नौ बजे
अपने फलते-फैलते बिजनेस को
सँभालने चला जाता था
और रात आठ बजे से पहले नहीं लौटता था।
वह अपने स्कूल जाने वाले बच्चों
और घर पर एकछत्र शासन करती थी।
आज वह उसका हमउम्र हमसफ़र
थके शरीर के साथ
दिन भर घर में अखबार पढ़ता
और टीवी देखता है,
घर पर उसका एकछत्र शासन अब संभव नहीं है।
जिस प्रजा पर उसकी हुकूमत चलती थी
वह भी अब यहाँ कहाँ है
वे सब अपने-अपने घरों के राजा-रानी हैं।
कैसे बुलाऊँ उन्हें उनके बचपन के साथ
अब तो वे आते हैं अपने तेवरों के साथ।
उनकी आवभगत में थकती हैं
और उनके जाते ही
उन्हें फिर पुकारने लगती हैं।

स्मृतियों के ढेर में से
अपमान और अवज्ञा के प्रसंग
चुन-चुनकर उठाती हैं
और तड़पकर कह उठती हैं-
मेरा दिल नहीं लगता।

चाहती हूँ उन्हें बाँहों में भर
उनका सिर सहलाकर कहूँ-
मम्मी ...मेरी बच्ची ...
कुछ मीठी यादें फिर से जीयो ...
वर्तमान में जो पल सुखद हों उन्हें सहेज लो ...
कड़वा-कठोर सब अब भुला दो ...
खूब हँसो ...और हँसाओ।



रविवार, 2 सितंबर 2012

ऐसे भी कोई अचानक 


वो जो था एक शख्स
ज़िन्दगी से लबालब
कहाँ चला गया
सारी की सारी ख्वाहिशें लेकर
उसके बुज़ुर्ग माँ-बाप
आहें भर रहे हैं
बीवी आंसू बहा रही है
बेटा बाप की तस्वीर पर नज़र गड़ाये सोच रहा है-
क्यों चले गए पापा,
तुम्हें तो मेरी शादी देखने का इतना अरमान था?
बेटियां समझ नहीं पा रही हैं-
ऐसे अचानक भी कोई चला जाता है?

सोचती हूँ
न जाने कितने इंसान
इस आसमान के नीचे
और इस ज़मीन के ऊपर
कैसे-कैसे कितना-कितना जीकर चले गए
न इस फलक पर कुछ असर हुआ न ज़मीन पर
वही दिन-रात,
वही मौसमों का आना-जाना
वही धूप-छाँव
वही बारिश,
वही पेड़-पौधे

फ़क़त कुछ बरसों ही की तो बात होती है
आप आते हैं और चले जाते हैं
कुछ करीबी लोग थोड़े या ज्यादा दिन
दुखी होते हैं
फिर वो भी चल देते हैं
अपनी ज़िन्दगी के सफ़र में ज़िन्दगी से लबालब
या फिर ज़िन्दगी के पार

ये बहुत पुरानी दुनिया
मुसलसल नयी होती जाती है
वो जो शख्स चले जाते हैं अपनी ख्वाहिशें लेकर
उनकी जगह नए लोग ले लेते हैं
वो भी होते हैं भरपूर जीने के,
बहुत जीने के ख्वाहिशमंद
और वो भी एक-एक कर
उसी राह के राही बन जाते हैं
जिस पर से कोई लौटकर नहीं आता

हम सब जानते हैं ये सारी बातें
पर समझते कहाँ हैं
जब तक कोई अपना
अचानक बीच से सरक न जाये
और तब भी दुनिया को सराय न मान
अपना घर ही माने रहते हैं
जब तक यहाँ से जाना ही न पड़ जाये

दुनिया का सबसे बड़ा अचरज
यही तो है
हर पल मौत के साये में जीने वाला इंसान
यों जीता है जैसे उसे कभी मरना ही नहीं है
और शायद यही ज़िन्दगी की जीत
और मौत की हार है।

गुरुवार, 30 अगस्त 2012

कहीं भीतर से 


झर -झर  झरती बरखा बूँदें
कर गयीं सब हरा-भरा
नहाया-ताज़ा 
पर सवाल यह है
कि तब कहाँ थीं
जब मुंह उठाये हम कह रहे थे -
आ जा , आ जा

कितना कुछ सूख गया है
आहों में डूब गया है
कौन देगा उसका हिसाब
दो तो ज़रा जवाब ?

बादल फिर बरसने लगे
अब तो गरजने भी लगे
बिजली आँखें दिखाने लगी
कहीं भीतर से आवाज़ आने लगी-

कैसे बरसते बादल
पृथ्वी की आर्द्रता
हमारे लालच ने चूस डाली
आभारी हो प्रकृति की
जिसने अपना स्वभाव नहीं बदला
देर-सवेर आधी-पौनी प्यास बुझाई
क्षमा मांगो पृथ्वी से, आकाश से,
सभी तत्त्वों से
जीवन के रक्षण और पोषण में
इनका शोषण
टुकड़ों में आत्महत्या है

और देखा मैंने
बादलों के भीतर से झांकती
सूर्यकिरण ने
आकाश में इन्द्रधनुषी पींग
सिरज दी है

मन उठा
और उस हिंडोले में जा बैठा।


शुक्रवार, 16 सितंबर 2011

जैसे मेरा मन 


इक मुकाम ये भी है कि
गिले-शिकवे, चाहतें, राहतें -
सब पीछे छूट गए हैं 
सामने है इक खुला आसमान - 
गहरा नीला, चमकता 
जैसे गहरा समंदर...शांत
जैसे मेरा मन 

शनिवार, 25 दिसंबर 2010

ईश्वर उन्हें कभी क्षमा न करे

हे यीशु तूने कहा था - ईश्वर इन्हें क्षमा करना...ये नहीं जानते ये क्या कर रहे हैं.
तुम महान थे यीशु...और वे शायद सचमुच नहीं जानते थे कि वे क्या कर रहे थे.
मैं जो अदना इन्सान हूँ सलीब पर हरदम लटकाई जा रही हूँ
और लटकाने वाले खूब सोच समझ कर हर टपकने वाली लहू की बूँद का स्वाद ले रहे हैं
मैं यह मान ही नहीं रही हूँ उनके सामने कि मैं सलीब पर तड़प रही हूँ
उन्हें अपनी पीड़ा का अहसास ही नहीं होने देना चाहती
पर महान यीशु...
मुझे क्षमा करना...
मैं चाहती हूँ कि इश्वर उन्हें कभी क्षमा न करे.

मंगलवार, 5 जनवरी 2010

avivahit didi: kuchh jhalakiyan

१ 
सभी बड़े पलंग पर बैठी  थीं. मंझली बहन ने कहा- कपूरों की बहू सुन्दर है .
मंझली भाभी ने कहा- परसों बाहर मैं सब्जी ले रही थी तो वो भी आ गयी और ठांह से मेरी बांह पर हाथ मार कर कहने लगी- अरी पूजा, तू तो बिल्कुल बाहर ही नहीं निकलती. 

छोटी बहन ने पूछा- कैसे कहा था?
मंझली भाभी उसी के पास बैठी थी. उसने चट से उसकी बांह सीधी की और पूरे जोर से बांह पर एक थप्पड़ मारकर कहा- उसने कहा अरी पूजा तू तो बाहर ही नहीं निकलती. 
उसी गोल में सामने बैठी संझली बहन ने जैसे बात सुनी नहीं थी. उसने पूछ लिया- क्या बात हो रही थी?
छोटी बहन ने जवाब दिया- कपूरों की बहू की बात बता रही थी मंझली भाभी.

संझली ने फिर पूछा- क्या?
मंझली भाभी ने फिर बताना शुरू किया- परसों मैं सब्जी ले रही थी तो उसने मुझसे कहा अरी पूजा तू तो बाहर ही नहीं निकलती.और फिर से तडाक से एक जोरदार थप्पड़ उसकी बांह पर मार दिया. सब खिलखिलाकर हँस दीं. 
मंझली बहन ने पहले ध्यान नहीं दिया था. अब बोली- क्या हुआ?
मंझली भाभी ने फिर वही बात दोहराते हुए पास बैठी बड़ी ननद की बांह पर फिर वैसा ही जोरदार थप्पड़ लगा दिया.
बड़ी भाभी आँगन से भीतर आती हुई बोली- हाँ, क्या हुआ था?
अब वह उखड गयी थी. उसने कहा- आप यहाँ बैठ जाओ और पूछ लो. बड़ी भाभी के चेहरे पर परछाईं सी उभर आई थी. 
सब एकाएक व्यस्त सी उठकर चल दी थीं. 
उसकी बांह पर आज भी इस घटना की याद कर तिलमिलाहट महसूस होने लगती है. 

२ 
-अरे यार, पा बहुत ही अच्छी है... तूने देख ली कि नहीं?
-देखी है... अमिताभ की एक्टिंग तो बढ़िया है ही, स्टोरी भी अच्छी है. 
-दीदी... आप भी ज़रूर देखना...
-मैं तो दुबारा देखूँगी...
-तुम दोनों ठीक कह रही हो ... मूवी दुबारा देखने लायक है...दीदी आप भी ज़रूर देखना... मुझे भी दुबारा देखनी है.
दीदी सोच रही थी इन चारो में से किसी ने यह नहीं कहा कि दीदी मुझे तो देखने जाना ही है, आप भी मेरे साथ चलना.

गुरुवार, 24 दिसंबर 2009

अनुराधा जी रही है 

अनुराधा जी रही है
वह नहीं मानती अपने पोलियोग्रस्त पैर को अपनी राह की रुकावट
वह नहीं मानती पिता की ग़रीबी को अपने लिए कोई बाधा
वह नहीं मानती अपने लड़की होने को कोई मुसीबत
उसने इसी सब के बीच जीते हुए एम फिल कर लिया है
और अब पी-एच डी कर रही है
अनुराधा जीवन रच रही है

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2009

मुझे तो जीना भर था
बस जी डाला जैसा सामने आया
कर डाला जैसा मन में आया
इतनी तो मासूम नहीं थी कि
कोई बहका लेता
इतनी शातिर भी नहीं थी
किसी को फाँस लेती
बस कुछ अनुभव लिए, कुछ अनुभव दिए
और हो गया जीना
अब इसे लिखें तो क्या
और न लिखें तो क्या
कुछ आंसू, कुछ हसरतें, कुछ ठहाके, कुछ मुस्कुराहटें
सब जी लिया
ज़िन्दगी के प्याले में जो भी था पी लिया.

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2009

बेटियाँ जानती हैं

मैंने देखे थे कुछ सपने
और डर गयी थी-
किसी ने जान तो नहीं लिया....
कोई जान ही जाता तो क्या होता ...
शायद मेरी माँ अपना सर पकड़ लेती
और बाद में मेरे बाल
शायद मेरा भाई मुझे पीटता
और घर में क़ैद केर देता
शायद मेरा बाप किसी भी गधे के साथ
मुझे विदा कर जान छुडाता
इसीलिए मैं उन सपनों की पोटली बाँध
कहीं रखकर भूल गयी.

मैंने जिया वह जीवन
जो मेरे लिए तय कर दिया गया था -
सुरक्षित, सम्मानित और...अपमान से लबालब
जैसा मेरी माँ ने जिया था,
उसकी माँ ने...और उसकी माँ ने.
जैसा मेरी बहन ने जिया और भाभी ने.
उसकी बहन ने और उसकी भाभी ने.
हम सब अपने-अपने सपनों की पोटली बाँध
कहीं रखकर भूल गयीं थीं.

सपने तो न टूटे, न फूटे
जब भी हम में से किसी ने
बेटी को जन्म दिया
वे उसकी आँखों में जा बैठे

मेरी माँ अपने सपनों की शक्ल
भूल गयी थी
उसकी माँ भी... और उसकी माँ भी.

पर मैं नहीं भूली थी
मेरी बहन भी नहीं, भाभी भी नहीं
उसकी बहन और उसकी भाभी भी नहीं.

हमने अपनी बेटियों की आँखों में बैठे सपनों को
पहचान लिया
ये वही थे जिन्हें हम पोटली में बाँध
कहीं रखकर भूल गयीं थीं.

मेरे पिता मेरी माँ के सपनों से अनजान थे
उनके पिता उनकी माँ के सपनों से
और उनके पिता...

पर मेरी बेटी के पिता
मेरे सपनों के बारे में जानते थे
और जानते थे मेरे सुरक्षित, सम्मानित जीवन के
अपमान से लबालब पहलू को भी
वे जानते थे मेरे सुख में दबी कसक को
जानते थे हमारी सब बेटियों के सब पिता

मैंने उन्हें बेटी की आँखों में बसे
सपनों की पहचान बताई
उनके भीतर उनके पिता जागे
और उनके पिता भी,,,
पर मेरी बेटी के पिता ने
स्वयं को उनका प्रतिरूप बनने से बचा लिया
उन्होंने उन सपनों को अपने सपने बना लिया
हमारे सपने बना लिया
हमारी सब बेटियों के सब पिताओं ने.

बेटियाँ अब छुप-छुपकर रोती नहीं थीं
वे पढ़ती थीं
वे खेलती थीं
वे हँसती थीं
वे प्यार करती थीं
दुनिया भर को
वे बहुत सुन्दर थीं
और बहुत सक्षम.

वे अध्यापक बनीं
वे पत्रकार बनीं
वे डाक्टर बनीं
वे अन्तरिक्ष में गयीं
वे नेता बनीं
वे बैंकर बनीं
वे कारपोरेट बनीं
वे अपने सपनों के साथ जीतीं बेहतर और
मुक़म्मिल इन्सान बनीं.

वे वैसा जीवन जी रही हैं
जैसा नहीं जिया मैंने
मेरी बहन ने, मेरी भाभी ने
उसकी बहन ने और उसकी भाभी ने
न मेरी माँ, उसकी माँ और उसकी माँ ने.

बेटियाँ जानती हैं
सपने सबकी आँखों में बसते हैं
सपने पाप नहीं हैं
वे प्रकृति का अनुपम उपहार हैं
माँओं के लिए, बेटियों के लिए
और उनकी बेटियों के लिए
ठीक उसी तरह
जैसे पिताओं के लिए
पुत्रों के लिए
और उनके पुत्रों के लिए .

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2009

युवा स्त्री युवा पुरुष से मिली

एक युवा स्त्री एक युवा पुरुष से मिली - कारण कुछ भी रहा होगा। कार्य पूरा हो चुकने के बाद भी वे मिलते रहे क्योंकि पुरुष ने स्त्री को पसंद किया था और उसे पसंद आने की कोशिशें की थीं जिनमें वह सफल रहा था। मिलना पूरी तरह मिलना था।

दूसरी युवा स्त्री दूसरे युवा पुरुष से मिली - कारण कुछ भी रहा होगा। कार्य पूरा हो चुकने के बाद भी वे मिलते रहे क्योंकि स्त्री ने पुरुष को पसंद किया था और उसे पसंद आने की कोशिशें की थीं जिनमें वह सफल रही थी। मिलना पूरी तरह मिलना नहीं था क्योंकि पुरुष ने कुछ मुलाकातों के बाद उसे चालू कहकर उससे पीछा छुड़ा लिया था।

तीसरी युवा स्त्री तीसरे युवा पुरुष से मिली - कारण कुछ भी रहा होगा। कार्य पूरा हो चुकने के बाद भी वे मिलते रहे क्योंकि पुरुष ने स्त्री को पसंद किया था और उसे पसंद आने की कोशिशें  की थीं  जिनमें वह पूरी तरह सफल नहीं रहा था। मिलना पूरी तरह मिलना नहीं था पर जारी रहा क्योंकि स्त्री पुरुष की पसंदगी को अपना अहोभाग्य मानती रही।

चौथी युवा स्त्री चौथे युवा पुरुष से  मिली - कारण कुछ भी रहा होगा। कार्य पूरा हो चुकने के बाद भी वे मिलते रहे क्योंकि स्त्री ने पुरुष को पसंद किया था और उसे पसंद आने की कोशिशें की थीं जिनमें वह पूरी तरह सफल नहीं रही थी। मिलना पूरी तरह मिलना नहीं था क्योंकि पुरुष ने एक-दो बार मिलने के बाद अपना मोबाइल नम्बर  ही बदल लिया था। 

 पांचवीं युवा स्त्री पांचवें युवा पुरुष से मिली - कारण कुछ भी रहा होगा। कार्य पूरा हो चुकने के बाद भी वे मिलते रहे क्योंकि पुरुष को लगा था की वह उसके प्रोफेशन के लिए फायदेमंद होगी और उसने उसे पसंद आने की कोशिशें की थीं जिनमें वह पूरी तरह सफल नहीं हुआ था। मिलना पूरी तरह मिलना नहीं था पर जारी रहा क्योंकि स्त्री ने भी कुछ ऐसा ही सोचा था। और वे एक लम्बी अवधि तक नरक में जीते रहे।   

रविवार, 27 सितंबर 2009

क्षणिकाएं 

१
दिल उदास है
इसमें नहीं कुछ खास है
चलो यही सोचें -
कहाँ गया विश्वास है
२
अब मान भी लो
तुम्हारे बहुत अपने
देख रहे हैं कैसे- कैसे सपने
कैसी- कैसी माला लगे हैं जपने
तुम आँख बंद कर चादर तान भी लो

शुक्रवार, 25 सितंबर 2009

दिल की बात करना आजकल आउट ऑफ़ डेट हो गया है पर क्या भावनाओं से रीते हो सकते हैं हम कभी? सही है कि
इंसान भूखा हो तो उसे चाँद भी रोटी जैसा लगता है , यह भी सही है कि भावनाओं को तर्क की तुला पर तुलना जरूरी है तभी वे हमारे लिए, समाज के लिए और व्यापकतर सन्दर्भों में सार्थक या निरर्थक, त्याज्य या ग्राह्य हो पाती हैं लेकिन यह भी तो सही है कि भावनाओं के बिना तो एक जन दूसरे से ही नहीं जुड़ सकता, समाज और विश्व से जुड़ने की तो बात बहुत दूर रह जाती है।